हमारे युवा चेहरे ने राजनीति नहीं की। बाकी काम हमने सँभाल लिया।
डॉ. मुकेश ‘असीमित’
पिछले दिनों देश की राजनीति के एकमात्र प्रकाशस्तंभ, हमारे युवा चेहरे ने अंग्रेज़ी में एक आत्मीय वक्तव्य दिया। मंच पर जाने से पहले माताजी ने उनसे कहा था कि राजनीति की बात मत करना। उन्होंने माँ की बात रख ली। हम समर्थकों ने उनकी राजनीति रख ली। परिवार और पार्टी में काम का बँटवारा ऐसा ही होना चाहिए।
मेरे जैसे कई समर्थकों ने पहले भाषण का हिंदी में अनुवाद किया। फिर जहाँ लगा कि वाक्य आराम से आगे जा सकता है, वहीं एंटर मार दिया। आठ-दस एंटर में एक विलक्षण अतुकांत प्रेम-कविता तैयार हो गई। हम उसे एक-दूसरे को भेजकर लहालोट हुए। एक साथी ने मेरी प्रति पढ़कर कहा, “भाई साहब, आपने ‘माँ’ के बाद जो खाली जगह छोड़ी है, उसमें पूरा बचपन है।” मैंने धन्यवाद दिया। वहाँ असल में दो बार एंटर दब गया था।
कविता यहाँ दोहराकर मैं आप सबका समय नष्ट नहीं करना चाहता। भाषण का हिंदी अनुवाद आपके पास हो तो कविता आप घर पर भी बना सकते हैं। मैं सीधे उन निष्कर्षों पर आता हूँ जिनके कारण मेरे जैसे साधारण समर्थक को भी उस शाम राजनीतिक चिंतक होने का सुख मिला।
युवा चेहरे ने कहा कि उनकी माँ अपनी याददाश्त को कमज़ोर बताती हैं, जबकि उन्हें लगभग सब याद रहता है। मैंने नोट किया, अपनी उपलब्धियाँ स्वयं गिनाने से परहेज़। फिर उन्होंने बताया कि पिता की मृत्यु के दिन की बात पूछो तो माँ को कुछ याद नहीं आता। यहाँ मेरी कलम रुक गई। मेरे बगल में बैठे एक वरिष्ठ समर्थक की चलती रही। उन्होंने लिखा, क्या याद रखना है, इसका विवेक। मैंने उनकी ओर आदर से देखा। मुझमें अभी इतना अनुभव नहीं आया था कि किसी की चुप्पी से भी दो बयान निकाल सकूँ।
फिर बात आई उस माँ की, जो कभी खूब हँसती-बोलती थीं और एक के बाद एक दो हत्याओं के बाद अपने भीतर सिमटती चली गईं। बेटे ने कहा कि फिर एक दरवाज़ा खुला। मुझ जैसे समर्थकों ने सिस्कारीयों के बीच में कहा, “आप हमारी हैं।”
मैं उछल पड़ा। “देखा! विस्तृत जनाधार!”
श्रीमती जी ने पूछा, “कितने देश के लोग आये ?”
“उसने गिनाए नहीं।”
“फिर?”
“अपनापन गिना थोड़े ही जाता है।”
“अच्छा। अभी तुम क्या गिनने बैठे थे?”
मैंने सीटों वाला पन्ना पलट दिया। भाषण में आगे भी बहुत संभावनाएँ थीं।
फिर वह प्रसंग आया जिसमें माँ कभी पति की गोद में बैठकर खाना खा लेती थीं। विरोधियों ने उसे भारतीय संस्कृति की समस्या घोषित कर दिया। मुझे बड़ी कोफ़्त हुई। मैंने तत्काल उमा-माहेश्वर की एक मूर्ति खोज निकाली। उमा महादेव की गोद में विराजमान थीं। पोस्ट तैयार थी—‘पति की गोद में बैठना शुद्ध सनातनी परंपरा है।’ नीचे लिखने वाला था, ‘सप्रमाण।’
श्रीमती जी ने पूछा, “तुम्हें बुरा किस बात का लगा?”
“लोग पति-पत्नी की निजी बात में घुसे चले जा रहे हैं।”
“तो तुम महादेव को लेकर कहाँ जा रहे हो?”
मैंने ‘सप्रमाण’ हटा दिया। बाकी पोस्ट थोड़ी देर तक खुली रखी। इतनी मेहनत से खोजी हुई मूर्ति को वापस गैलरी में भेजने में समर्थक को समय लगता है।
वैसे हमारे यहाँ दांपत्य की निजता का बड़ा सम्मान है। बगल के घर से किसी स्त्री के रोने की आवाज़ आए तो हम टीवी की आवाज़ बढ़ा देते हैं। पति-पत्नी का आपस का मामला है। हाँ, दोनों हँसते-बोलते साथ खाना खा लें और उसकी ख़बर बाहर आ जाए, तो हम टीवी बंद करके बैठ जाते हैं। अब संस्कृति का मामला है।
जो सज्जन हर बात का उत्तर ‘पप्पू’ से देते हैं, उनसे मेरा निवेदन है कि इस बार वीडियो आख़िर तक चलने दें। वैसे मेरा भी एक ही उत्तर है। वे ‘पप्पू’ कहते हैं, मैं ‘दूरदृष्टि’ कहता हूँ। हम दोनों के पास भाषण पूरा सुनने से जितना समय बचता है, उतने में हम एक-दूसरे को तीन बार अज्ञानी सिद्ध कर देते हैं।
आख़िर में बेटे ने माँ से कहा कि पापा आपसे बहुत प्यार करते थे और आज होते तो उन्हें आप पर कितना गर्व होता। इस बार मैंने फ़ोन मेज़ पर रख दिया। कुछ देर तक सचमुच कुछ लिखने का मन नहीं हुआ।
फिर समर्थक-धर्म ने टोका। मैंने फ़ोन उठाया और लिखा, “देखिए, इतने आत्मीय क्षण में भी हमारे युवा चेहरे ने राजनीति की एक बात तक नहीं की। विरोधियों के लिए इससे करारा जवाब क्या होगा?”
श्रीमती जी ने मेरी पोस्ट पढ़ी। बोलीं, “उनकी माँ ने ठीक किया जो सिर्फ़ उनसे कहा कि राजनीति मत करना। तुमसे कहतीं तो तुम उसी बात को चुनावी नारा बना देते।”
मैंने पोस्ट मिटा दी। वाक्य सहेज लिया। चुनाव का क्या भरोसा।
Comments ( 0)
Join the conversation and share your thoughts
Comments are closed for this post.
No comments yet
Be the first to share your thoughts!