अब निपट लेंगे | अफ़सरशाही पर डॉ. राम कुमार जोशी का व्यंग्य

अब निपट लेंगे
डा राम कुमार जोशी
राज के शिखर पर बैठे फैमिली अफसरान जोड़ी के भ्रष्टाचार की पोल क्या खुली, सभी अफसरों के मध्य हड़कंप सा मच गया। एक समझदार ने सभी को लाभदाई सीक्रेट सर्विस द्वारा आगाह किया गया कि इन दिनों आप किसी से भी फ़ोन पर भ्रष्टाचार आरोप विषय पर वार्ता न करें यह रिकॉर्ड हो सकता है। बल्कि यह मानें की रिकार्डिंग हो चुकी। यह समझ कर दिमाग़ को अपडेट रखें।

क्रूर राहुकाल के दिनों में आप अपने केवल दाहिनें हाथ पर विश्वास रखे। बायें पर विश्वास तभी करें जब-तक जांच रिपोर्ट सार्वजनिक न हो जाय।

किसी जमाने में कहा जाता था कि दीवारों के भी कान होते है पर इस कलयुगी उफ़ान में मोबाइल समेत हवा में भी कान पैदा हो गये है। सावधानी ही बचाव है।

अवैज्ञानिकी विषयों के स्नातक उत्तीर्ण अफसर तो आजकल इंजीनियरों, वैज्ञानिकों को नींद में भी बड़बड़ाते हुए गालियां दे रहे है- स्सालो तुमने ये स्पाई कैमरे,रिकार्डर जैसे आर्टिकल इतने सस्ते क्यों ईजाद किए कि हर आदमी शाॅरलाक होम्स (जासूस) बन गया। अब कुछ भी सीक्रेट नही रहा। अब तो घर पर पोचें लगाने वाली से भी डर लगने लग गया है।

एक नये अफसर तो ईर्ष्या वश कहने लग गये है कि पुराने जमाने वाले अफसरों के क्या ठाठ थे कि धड़ल्ले से रूपये खाते और खिलाते थे। बिन किसी डर वहम के। यही उनके स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन का आधार था। हम तो केवल दवाइयां खाने केलिए अफ़सरी कर रहे हैं। इन हालातों में रूपये पैसों का आनंद तो कोई और ही लेगा।

आजकल प्रदेश के सारे वडील अफसर मायूस होने की वज़ह से बी पी, शुगर के दवाओं की डबल डोज भी लेने लग गये है। कईयों को अपच की बीमारी के साथ हिचकी भी आने लग गईं है।
देशी टोटकों की मान्यता अनुसार जब भी कोई किसी को याद करता है तो हिचकियां बरबस ही आ जाती है। आज-कल इन सबकों सीबीआई,सीबी और ई डी बारी बारी याद कर रही है।

हमारे इन अफसरों को इन दिनों उन रियल एस्टेट वालों के फोन से जैसे परहेज होगई है जो कभी बड़े ख़ास होते थे। रूपये पैसे लगाने की सर्वश्रेष्ठ सलाह भी इनसे ही मिलती थी। अब तो घंटी भले डोर बेल की हो या मोबाइल की, एकबारगी प्रदेश के सभी आला अफसरों के बीपी को हाई कर ही देती है। कई अफसरों की पत्नियां तो चुपचाप यह कह कर पीहर चली गई कि हम तुम्हें गिरफ्तार होते नही देख सकती तो कईयों की गाड़ियां मंदिरों, भोपों व जंतरू मंतरू ज्योतिषियों के यहां तक घूमती देखी गईं।
कुल मिलाकर प्रदेश के आला अफसरों के बंगलों से शांति रूपी देवी पलायन कर चुकी है तथा उनके चेहरों से मुस्कराहट शनै: शनै: विलोप होती देखी जा रही है। उसके स्थान पर चेहरे का वो मलाईदार तेज़, स्याह में बदलना शुरू होगया है।

अबतक तो लगभग हर नया पुराना आला अधिकारी भयग्रस्त होगया है और इसके परिणामस्वरूप प्रदेश में रिश्वत आधार वाला विकास एकदम से ठप्प सा होगया है। बड़ी संख्या में लखपति करोड़पति ठेकेदार जैसे बिचारे हो, बेकार हो गये।

यह सब सोच जानकर सभी को एक रिटायर्ड खूंखार चीफ़ साहब की याद आईं जो सेवा काल में ही पांच सौ करोड़ से अधिक की औकात बना चुके थे और पंच सितारा स्टाइल में अपना शेष जीवन निपटा रहें हैं। उनके कभी योरोपीय दौरें तो कभी आबूधाबी- दुबई में निवेशित राशि की वसूलियों के दौरें आमजन तक में चर्चा के विषय बनते रहे हैं पर इनके कान पर जूं तक नही रेंगी। “किस-किस को याद करें और किस-किस को रोये” ये आज भी इनका तकिया कलाम रहा है।

वैसे उनके कई किस्से आज भी बड़े फैमस है। उन्होंने अपने चैम्बर में किसी एम एल ए,एम पी को सामने रखी कुर्सी पर नही बिठाया। इनके कारण ही राज्य सरकार को एकबार दिखावटी आदेश निकालने पड़े थे कि “जन प्रतिनिधियों को उचित मान सम्मान के साथ सामने बिठाकर उनकी बात सुनी व अपनी कही जाय।”
वो बात दीगर है कि इन्होंने ही अपने आदेश की धज्जियां भी उसी दिन उड़ाई थी।

खुद सोफे नुमा कुर्सी पर टांग उपर किये बैठे रहते और अगले की बात इस तरह से फटाफट सुनते जैसे शेष सारी दुनिया का भार इनके कंधों पर झूल रहा है, कायनात इनके ही भरोसे बैठी हो।

पहली बात वे ऑफिस कुर्सी पर बैठते ही नही थे और बैठते थे तो फाइलों पर सिर्फ चिड़ी मारने केलिए। उस पीरियड में केवल एक ही डिप्टी जो उनका खास मर्जीदान ही अनुमत था। शेष किसी कारिंदे की हिम्मत नही थी कि आंख से आंख मिलाकर बात करले।

कई बार मूड में आने पर कहते भी थे कि राज न कानून से चलता है न कलम से, राज केवल खौफ से चलता है। याद रखों -आंख का खौफ तलवार- बंदूक के खौफ से भी बड़ा होता है। घर तकातक में पत्नी की टेढ़ी नज़र लंपट पतियों को बांध के रखती है। कुछ भी हो, नज़र नज़र होती है।

अपने उसी खौफ के बदस्तूर चीफ़ साहब प्रदेश में अच्छा खासा राज कर गये। सरकार भले लोकतांत्रिक व्यवस्था वाली कहलाती हो पर वास्तविक राज ऐसे अफसर ही करते हैं।

आखिर सभी अफसरों के मध्य भय युक्त हालात पर रहमदिली दिखाते हुए रिटायर्ड चीफ़ साहब ने सलाह युक्त मीटिंग लेने की हामी भर दी।

हालांकि उनके प्राइवेट स्टाफ ने हल्का सा इशारा ज़रूर किया था कि हमारे साहब बिना लिए किसी को कुछ देते नही है। ध्यान रहे।

मीटिंग हाल में मोबाइल फोन नही रखें जैसी खास हिदायत के साथ आधी रात को गोपनीय मीटिंग शुरू हुई जिसमें आरोपियों समेत भविष्य के प्रति आशंकित आरोपी भी उपस्थित हुए। रिटायर्ड चीफ़ साहब अति प्रसन्न मुद्रा में सभी का अभिवादन स्वीकार कर रहे थे और बातों में कुछ ऐसा कह गये कि सबके चेहरे खिल उठे और नई रोशनी नजर आने लग गईं।

एक अफसर को पूछ रहे थे कि “भाई तेरा वो ख़ास नेता जिस को हमेशा दूसरों को शॉक देने का शौक हो, आजकल कहां किस गुफा में सोया पड़ा रहता है? चीफ़ मिनिस्टर हो तभी कुछ करना ये हमेशा से उसकी फितरत रही है। हाऽ…. पॉवर बिना चुप्पी साधना वैसे ठीक-ठाक होता है।
एक बात है उसने मुझसे पंगा कभी नही लिया। हमेशा सर कहकर ही बात करता था।”

फिर आगे बोले –
“उनके वे दोनों चमचे, जिसमें से एक तो कभी इधर डोटे लगाता हैं तो कभी उधर, और वो दूसरा जूली फ्लोरा सा जो सबकी फसलें ही ख़राब कर रहा है। वे आजकल कहां है?

दम नही है इन पक्षियों- विपक्षियों में। कहां कहां से उड़ के उठ आते है और राज करने लग जाते है। ऐसे राज नही होता।”
एक अफसर को तो रिटायर्ड चीफ़ साहब ने हिदायत तक जारी कर दी – “तेरा वो बागड़ बन्ना कोई काम का नही है। बातें तो पीएम जैसी ठोक देता है पर “न खाऊंगा न खाने दूंगा” में से ‘न खाने दूंगा’ पर क़ायम हो,अड़ी कर देता है और ‘न खाऊंगा’ वाला अपने लिए विलोपित कर देता है। उससे दूर ही रहना। स्साले- न लीपने के न पोतने के।”
इसके साथ ही बैठक अपने गंभीर एवं चिंतनीय विषय पर आ गयी। कुछ अफसरान दबे स्वर में कहने लगे — सर! जब शिखर पर बैठे परिवार को अंदेशात्मक अपसगुन मिल रहे थे तो उन्हें तुरंत खुद को विड्ड्रा कर लेना चाहिए था ताकि पूरी कम्युनिटी बदनाम होने से बच जाय। उनके थोड़े से स्वार्थ के चक्कर में हम सभी फंस गए है। इनको पूरी कम्युनिटी की हाय लगेगी। अब पता नही कब, किस पर, कितनी गाज गिरें!

रिटायर्ड चीफ साहब हंस पड़े – ऐसे कर्मों के कारण ही तो दोनों बाबू जात को इंटेलेक्चुअल कम्युनिटी क्या कहती है, समझो ज़रा – आपसे नीचे वाली कम्युनिटी को बुलाते है आ रे आस और आपके वालों को आवाज देते हैं आइये आस। आर ए व आइ ए में ज्यादा फर्क नही बचा है। है तो कर्म से दोनों ही हो चौपाये।

सब जानते हैं कि उपरी पैसे बिना सरकारें नही चलती पर ध्यान रहे कि कि लफड़े उजागर होते देख ऐसे मामलों में ले देकर तुरंत उसे क़ब्र गाह कर देना चाहिए। थोड़े लोभ के चक्कर में सर्वनाश हो जाता है। याद रखें – कटे हुए फल जल्दी सड़ते हैं।

जब भी कोई पोल खोल की हवा महसूस होने लग जाएं तो एक दो इंस्पेक्टर एक दो पीएं बाबुओं को हाथों-हाथ सस्पेंड कर देना चाहिए। ये जातें बनी ही इसलिए है जिसे सरलता से सरकार की ढाल बनाया जा सकें। इस कृत्य से विपक्षियों के मुंह पर तुरंत ताले लग जाते है।

नोट करें -ऐसे मामलों में भावुकता काम नही आती। कारिंदों ने सेवा की थी तो साथ उचित लाभ भी लिया था। यही आप अफसरान का ध्येय वाक्य होना चाहिए।

साथ में यदि हो सके तो अखबारों में भ्रष्टाचार विरोधी विज्ञापन भी छपवा देना चाहिए ताकि आम पब्लिक का भरोसा आपके प्रति कायम रहे और विज्ञापन की डोज मिलने से पत्रकार भी चुप्पी साध लेते है।

मेरे विचार में तो मंसूरी में ट्रेनिंग दौरान इस विषय पर विशेष सत्र ओरगेनाझ्ड्ज होने चाहिए। आज सारी मशीनरी भय ग्रस्त पड़ी हैं। ऐसी परिस्थितियों में से किस प्रकार बेदाग निकला जा सकें ये केरीक्युलम का मुख्य हिस्सा होना चाहिए। यही तो अफ़सरी कहलाती है। रूटीन वर्क तो गधे भी कर लेते है पर जब ऐसी विकट परिस्थितियां हो तब संकरी गली में से कैसे निकले यही खास विषय होना चाहिए?

कल ही कार्मिक मंत्री से मिल स्पष्ट कह दीजिए ऐसी परिस्थितियों में कोई फाइल आगे नही चलेगी,और लाबी द्वारा “टिट फार टेट” नीति अपनाई जायेगी जिसमें सीएम, पीएम, डीएम सभी लपेटे में आ जायेंगे। “दाई से पेट नही छुपाया जाता।” सनद रहे।
वैसे मुझे ख़बर आई है कि मंत्री संत्री चाहते है कि वार्ता कर इस मैटर को जाजम नीचे दबा दें। इसी में ही सार है। बदनामी का बद खोटा होता है।
वैसे शिखर पर बैठे परिवार से मेरा विशेष कहना है कि भजन और भोजन हमेशा एकांत में किये जाते है। मंडलीया बनाकर भजन भजन न करें। मेल-जोल चुपचाप ही होने चाहिए।
भगवान का प्रसाद बांट कर खाया जाता है वैसे ही लक्ष्मी जी भी जितनी बंटेंगी, उतनी आपके पास क़ायम रहेंगी।
सबसे बड़ी बात – इस इमरजेंसी पीरियड में आपसी द्रोह को छोड़ एक बनें और आपस में नेक बनें। ये पब्लिक सब जानती है कि मेरे बाप के पास क्या था और अब मेरे पास कहां से कितना आया? इसके साथ एक शेर पढ़कर रिटायर्ड चीफ़ साहब ने अपनी बात खत्म की-
“न समझोगे तो मिट जाओगे ऐ राज करने वालों
तुम्हारी दास्तां लिखी जायेगी कोर्ट और कचहरियों में।”

इसके साथ ही गोपनीय बैठक समाप्ति की घोषणा समझी गई।
डा राम कुमार जोशी
जोशी प्रोल, सरदार पटेल मार्ग
बाड़मेर (राज)

Ram Kumar Joshi

Ram Kumar Joshi

डा राम कुमार जोशी ललित कुंज, जोशी प्रोल सरदार पटेल…

डा राम कुमार जोशी ललित कुंज, जोशी प्रोल सरदार पटेल मार्ग, बाड़मेर (राज) rkjoshi1601@gmail.com

Comments ( 0)

Join the conversation and share your thoughts

Comments are closed for this post.

No comments yet

Be the first to share your thoughts!