डॉक्टर साहब, आज किस ठेके पर बैठेंगे?

डॉक्टर साहब, आज किस ठेके पर बैठेंगे?
डॉ. मुकेश ‘असीमित’
मध्य प्रदेश में शराब की दुकानों पर डॉक्टरों की ड्यूटी लगाए जाने का समाचार पढ़कर जीवन में पहली बार मुझे सरकारी नौकरी न करने का मलाल हुआ। चिकित्सा सेवाओं में इतनी दिलचस्प पोस्टिंग की संभावनाएँ हैं, इसका ज़रा भी इल्म होता तो निजी प्रैक्टिस में आने की इतनी जल्दबाज़ी नहीं करता।
अब तक शराब पीकर आदमी डॉक्टर के पास जाता था। प्रशासन ने आदमी की इस असुविधा को समझा और डॉक्टर को ही ठेके पर पहुँचा दिया। इसे कहते हैं जनोन्मुखी चिकित्सा व्यवस्था! मरीज़ जहाँ है, चिकित्सा वहीं है। ऑन स्पॉट चिकित्सा सेवाएँ।
कल्पना कीजिए, सुबह डॉक्टर की पत्नी पूछ रही है,
“आज कहाँ ड्यूटी है आपकी?”
“अंग्रेज़ी वाले ठेके पर।”
“कल तो देसी वाले पर थी?”
“सोसायटी भी कोई चीज़ होती है, भाग्यवान!”
मेडिकल कॉलेज में हमें मरीज़ की ड्रिंकिंग हिस्ट्री लेने की विधि सिखाई जाती थी। मरीज़ कितना पीता है, कब से पीता है, क्या पीता है, इसका पता लगाने के लिए बड़ी मशक्कत करनी पड़ती थी। प्रशासन ने हमारी इस व्यावसायिक कठिनाई का भी समाधान कर दिया। अब मरीज़ की हिस्ट्री ठेके के मुनीम से सीधे भी ली जा सकेगी।
मरीज़ झूठ भी नहीं बोल सकेगा, “कभी-कभार लेता हूँ, डॉक्टर साहब।”
ठेकेदार बीच में ही बोलेगा, “झूठ मत बोलो शर्माजी, पिछली उधारी के आठ पव्वे तुम्हारे नाम चढ़े हुए हैं।”
चिकित्सा विज्ञान में इतनी विश्वसनीय हिस्ट्री मिलना दुर्लभ है।
एक अस्थि रोग विशेषज्ञ होने के नाते मुझे भी इस योजना में अपना भविष्य उज्ज्वल दिखाई देता है। अभी तक मैं शराब पीकर गिर चुके आदमी का इलाज करता आया हूँ। अब उसे गिरने से पहले ही वहीं सँभालूँगा।
“अरे डॉक्टर साहब, आप भी?”
“नहीं भाई, मैं ड्यूटी पर हूँ।”
“हम भी कौन-सा रोज़ आते हैं, डॉक्टर साहब!”
दोनों एक-दूसरे की बात पर विश्वास करने का अभिनय करेंगे।
वैसे ठेके पर शाम की ड्यूटी करने वाले डॉक्टरों को विशेष प्रशिक्षण की आवश्यकता पड़ेगी। दो पैग के बाद मरीज़ डॉक्टर को अपनी बीमारी के अलावा खानदानी जायदाद के विवाद, साले की बदमाशियों और अंतरराष्ट्रीय राजनीति की जटिलताओं से भी अवगत कराएगा। तीसरे पैग के बाद वह स्वयं डॉक्टर हो जाएगा और डॉक्टर को स्वास्थ्य संबंधी सलाह देने लगेगा।
चौथे के बाद डॉक्टर की डिग्री पर भी सवाल उठाए जाने की संभावना है।
ठेकेदार और डॉक्टर के बीच व्यावसायिक मतभेद भी स्वाभाविक हैं। डॉक्टर कहेगा, शराब छोड़ दीजिए। ठेकेदार कहेगा, डॉक्टर साहब, सरकारी परिसर में बैठकर सरकारी राजस्व के विरुद्ध ऐसी बातें करना आपको शोभा देता है?
ख़बर के अनुसार डॉक्टरों ने लोगों को शराब छोड़ने के साथ खाली पेट शराब न पीने की सलाह भी दी। मुझे आशंका है कि इस सलाह का पहला व्यावसायिक लाभ नमकीन बेचने वाले को मिलेगा। वह अपने काउंटर पर लिखवा लेगा—डॉक्टर द्वारा प्रिस्क्राइब्ड चखना।
वैसे प्रशासन की मौलिक चिंतन क्षमता की दाद देनी पड़ेगी। ज़हरीली शराब से मौतें हुईं। शराब में ज़हर की गुंजाइश समाप्त करना थोड़ा पेचीदा काम रहा होगा। लिहाज़ा शराब पीने वालों की सेहत की जाँच शुरू कर दी गई। बोतल की जगह आदमी की जाँच करना प्रशासनिक सुगमता का उत्कृष्ट उदाहरण है।
इस प्रयोग का विस्तार होना चाहिए। मिलावटी मावे की दुकानों पर फिज़िशियन, सड़कों के गड्ढों के पास ऑर्थोपेडिक सर्जन और भ्रष्टाचार निरोधक कार्यालयों के बाहर मनोरोग विशेषज्ञ बैठाए जाने चाहिए। रिश्वत देकर भी काम न होने से उत्पन्न अवसाद का तत्काल उपचार संभव हो सकेगा।
ख़बर में प्रदेश के अस्पतालों में चार हज़ार डॉक्टरों की कमी का भी उल्लेख है। कितनी कुशल प्राथमिकता है! अस्पतालों में मरीज़ डॉक्टर की प्रतीक्षा करें और ठेकों पर डॉक्टर मरीज़ की। चिकित्सा सेवाओं में माँग और आपूर्ति का ऐसा संतुलन बिरले ही देखने को मिलता है।
मुझे अब मेडिकल कॉलेज में प्रवेश लेने वाले बच्चों के माता-पिता की चिंता है। लाखों रुपये खर्च करके बच्चे को डॉक्टर बनाने के बाद रिश्तेदार पूछेंगे,
“बेटा कहाँ प्रैक्टिस कर रहा है?”
“जी, ठेके पर बैठता है।”
रिश्तेदार कुछ कहें, उससे पहले पिताजी को अपनी सफ़ाई में जोड़ना पड़ेगा—
“शराब का कारोबार नहीं करता, भाई साहब! पीजी किया है बच्चे ने, सरकारी पोस्टिंग है!”

डॉ मुकेश 'असीमित'

डॉ मुकेश 'असीमित'

लेखक का नाम: डॉ. मुकेश गर्ग निवास स्थान: गंगापुर सिटी,…

लेखक का नाम: डॉ. मुकेश गर्ग निवास स्थान: गंगापुर सिटी, राजस्थान पिन कोड -३२२२०१ मेल आई डी -thefocusunlimited€@gmail.com पेशा: अस्थि एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ लेखन रुचि: कविताएं, संस्मरण, व्यंग्य और हास्य रचनाएं प्रकाशित  पुस्तक “नरेंद्र मोदी का निर्माण: चायवाला से चौकीदार तक” (किताबगंज प्रकाशन से ) काव्य कुम्भ (साझा संकलन ) नीलम पब्लिकेशन से  काव्य ग्रन्थ भाग प्रथम (साझा संकलन ) लायंस पब्लिकेशन से  अंग्रेजी भाषा में-रोजेज एंड थोर्न्स -(एक व्यंग्य  संग्रह ) नोशन प्रेस से  –गिरने में क्या हर्ज है   -(५१ व्यंग्य रचनाओं का संग्रह ) भावना प्रकाशन से  प्रकाशनाधीन -व्यंग्य चालीसा (साझा संकलन )  किताबगंज   प्रकाशन  से  देश विदेश के जाने माने दैनिकी,साप्ताहिक पत्र और साहित्यिक पत्रिकाओं में नियमित रूप से लेख प्रकाशित  सम्मान एवं पुरस्कार -स्टेट आई एम ए द्वारा प्रेसिडेंशियल एप्रिसिएशन  अवार्ड  ”

Comments ( 0)

Join the conversation and share your thoughts

Comments are closed for this post.

No comments yet

Be the first to share your thoughts!