हालात काबू में हैं

हालात काबू में हैं —

चीखें हवा में तैर रही थीं, पर सायरनों की तेज़ आवाज़ ने उन्हें ढँक लिया—व्यवस्था का संगीत शुरू हो चुका था। एम्बुलेंस, पुलिस और मीडिया—तीनों अपने-अपने किरदार में सक्रिय थे। कैमरे ऐसे कोण तलाश रहे थे जहाँ लाशें और रोते परिजन एक साथ फ्रेम में आ जाएँ—दर्द का पूरा ‘विज़ुअल पैकेज’ बन सके।

कुछ शव बेतरतीब पड़े थे, मगर अनुशासन मृत्यु के बाद भी लागू हुआ। एक पुलिस अधिकारी ने उन्हें लाइन में सजा दिया। सफेद कफन ओढ़ाए गए—सरकारी खर्चे के। जीते-जी न मिला कपड़ा, मरने के बाद पूरा इंतजाम था।

तभी मंत्री जी का काफिला आ पहुँचा। भीड़ का रोना क्षण भर को थम गया—दर्शन का अवसर जो मिला था। चार साल बाद दिखे चेहरे को देखने की ललक, त्रासदी से भी बड़ी थी।

मंत्री जी लाशों के पास खड़े हुए, दुख का अभ्यास किया गया भाव चेहरे पर लाए। कैमरे तैयार थे, पर उन्होंने इशारा किया—“सीन तैयार करो।”
कुछ लाशें और उनके परिजन ‘चयनित’ किए गए, बाकी को हटा दिया गया। जैसे ही आँखों से दो बूँदें टपकीं—या टपकने का संकेत मिला—कैमरों के फ्लैश चमक उठे।

मुआवजे की घोषणा हुई। परिजनों की आँखों में आँसू और उँगलियों पर गणित साथ-साथ चलने लगा।
तभी डीएम ने पूछा—“कुछ घायल और मर सकते हैं, उनके लिए ?”
मंत्री जी बोले—“चार दिन रुक जाओ, फिर एक साथ देख लेंगे।”

डॉक्टर को चेतावनी दी गई—“अब जो मरेगा, वह अस्पताल की जिम्मेदारी होगी।”
फिर काफिला आगे बढ़ गया—अगली संवेदना की ओर।

पुलिस भीड़ को कण्ट्रोल करने में फिर जुट गयी ।
इधर सरकारी प्रवक्ता ने कागज से पढ़ा—

“हालात काबू में हैं।”

डॉ मुकेश 'असीमित'

डॉ मुकेश 'असीमित'

लेखक का नाम: डॉ. मुकेश गर्ग निवास स्थान: गंगापुर सिटी,…

लेखक का नाम: डॉ. मुकेश गर्ग निवास स्थान: गंगापुर सिटी, राजस्थान पिन कोड -३२२२०१ मेल आई डी -thefocusunlimited€@gmail.com पेशा: अस्थि एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ लेखन रुचि: कविताएं, संस्मरण, व्यंग्य और हास्य रचनाएं प्रकाशित  पुस्तक “नरेंद्र मोदी का निर्माण: चायवाला से चौकीदार तक” (किताबगंज प्रकाशन से ) काव्य कुम्भ (साझा संकलन ) नीलम पब्लिकेशन से  काव्य ग्रन्थ भाग प्रथम (साझा संकलन ) लायंस पब्लिकेशन से  अंग्रेजी भाषा में-रोजेज एंड थोर्न्स -(एक व्यंग्य  संग्रह ) नोशन प्रेस से  –गिरने में क्या हर्ज है   -(५१ व्यंग्य रचनाओं का संग्रह ) भावना प्रकाशन से  प्रकाशनाधीन -व्यंग्य चालीसा (साझा संकलन )  किताबगंज   प्रकाशन  से  देश विदेश के जाने माने दैनिकी,साप्ताहिक पत्र और साहित्यिक पत्रिकाओं में नियमित रूप से लेख प्रकाशित  सम्मान एवं पुरस्कार -स्टेट आई एम ए द्वारा प्रेसिडेंशियल एप्रिसिएशन  अवार्ड  ”

Comments ( 0)

Join the conversation and share your thoughts

No comments yet

Be the first to share your thoughts!