शहर के चिकित्सक समुदाय में बुधवार को उस समय एक सकारात्मक और आत्मीय माहौल देखने को मिला, जब इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) की जनरल बॉडी मीटिंग में नई कार्यकारिणी का निर्विरोध गठन किया गया। एक निजी होटल में आयोजित इस बैठक में शहर के वरिष्ठ एवं युवा चिकित्सकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। चुनाव प्रक्रिया औपचारिक रही, लेकिन वातावरण में संगठनात्मक एकजुटता और आपसी विश्वास की झलक साफ दिखाई दी।
बैठक की अध्यक्षता वर्तमान अध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र शास्त्री ने की, जबकि चुनाव प्रक्रिया का संचालन चुनाव अधिकारी डॉ. एम.एल. गुप्ता द्वारा किया गया। नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के बाद किसी भी पद के लिए दूसरा नाम सामने नहीं आया, जिसके बाद सभी पदाधिकारियों का चयन सर्वसम्मति से निर्विरोध घोषित कर दिया गया।
नई कार्यकारिणी में डॉ. राजेन्द्र शास्त्री को पुनः अध्यक्ष चुना गया। वर्तमान सचिव डॉ. मनोज जैन को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। सचिव पद पर डॉ. मुकेश गर्ग तथा कोषाध्यक्ष पद पर डॉ. सत्येन्द्र पंचोली निर्विरोध निर्वाचित हुए।
इसके अतिरिक्त उपाध्यक्ष पद पर डॉ. आर.के. मीणा, उप सचिव पद पर डॉ. भरत, सांस्कृतिक प्रभारी के रूप में डॉ. तृप्ति बंसल तथा महिला प्रकोष्ठ प्रभारी के रूप में डॉ. शैल शास्त्री के नामों की घोषणा की गई। सभा में उपस्थित सदस्यों ने तालियों के साथ नई कार्यकारिणी का स्वागत किया।
आईएमए के संरक्षक मंडल में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एन.आर. मीणा तथा पूर्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश गुप्ता को शामिल किए जाने की भी घोषणा की गई।
बैठक के दौरान वर्तमान कार्यकारिणी ने अपने कार्यकाल की गतिविधियों का उल्लेख करते हुए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। वक्ताओं ने कहा कि संगठन ने सेवा, सहयोग और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाई है तथा भविष्य में भी चिकित्सकों की एकजुटता को प्राथमिकता दी जाएगी।
नवनिर्वाचित कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. मनोज जैन ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी चिकित्सक सदस्य के मेडिको-लीगल संकट या अन्य कठिन परिस्थितियों में पूरा संगठन एकजुट होकर साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने संगठनात्मक एकता को आईएमए की सबसे बड़ी शक्ति बताया।
अध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र शास्त्री ने चिकित्सकों से आपसी समन्वय और सहयोग बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा कि “संगठन में ही शक्ति है।”
नवनिर्वाचित सचिव डॉ. मुकेश गर्ग ने कहा कि आगामी कार्यकाल में सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों, पारिवारिक आयोजनों, खेलकूद गतिविधियों, चिकित्सकों के सम्मान समारोह तथा CME कार्यक्रमों में अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने सभी सदस्यों से सहयोग और मार्गदर्शन की अपेक्षा भी जताई।
बैठक में डॉ. सुलेखा जैन ने संगठन की मूल भावना और एकता पर बल देते हुए सभी चिकित्सकों से हर परिस्थिति में साथ खड़े रहने का आह्वान किया। वार्षिक शुल्क निर्धारण एवं प्रतिवर्ष बजट ऑडिट करवाने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।
इस अवसर पर डॉ. विजेन्द्र गुप्ता सहित कई वरिष्ठ चिकित्सकों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के सुझाव दिए। बैठक में डॉ. मुकेश बंसल, डॉ. अनिल टोड़वाल, डॉ. आर.आर.सी. मीणा, डॉ. सत्यवीर डूडी, डॉ. भूर सिंह, डॉ. पुष्पेन्द्र बंसल, डॉ. रामराज मीणा, डॉ. शिवराज मीणा, डॉ. नीलमणि गर्ग तथा डॉ. कमला मीणा सहित अनेक चिकित्सक उपस्थित रहे।
Comments ( 0)
Join the conversation and share your thoughts
No comments yet
Be the first to share your thoughts!