चार-दीवारी के भीतर-कविता रचना

चार-दीवारी के भीतर

विदेश में कम रहे धन अकूत
ये माँ बाप के सपूत
हे आधुनिक श्रवण कुमारो—
माँ बाप की आँखों के तारो l


करोड़ों का घर बनवाया—
बालकनी, मॉड्यूलर किचन ,
इंटरकॉम, लिफ़्ट, चिकना फर्श
बस एक चीज़ छूट गई—
अपनों का स्पर्श ।

अब एक विनम्र सुझाव है—
ज़रा उन घरों को
स्मेल-प्रूफ भी करवा दें ।
या कुछ स्मेल डिटेक्टर जड़वा दें
ताकि
भीतर सड़ती संवेदनाओं की गंध
बाहर तक न जाए,
पड़ोसी नाक न सिकोड़ें,
सोसाइटी की इमेज बची रह जाए ,
और आपकी वीडियो कॉल
बिना किसी
“सब ठीक है न?”
जैसे असभ्य सवाल के
चलती चली जाए ।

आपने बड़ी समझदारी की—
माँ-बाप को साथ रखने के
झंझट से बच गए।
अब न दवा की पर्ची,
न डॉक्टर की लम्बी कतार

पर निकलेगी जान ,
न मानसिक बीमारी की
असहज चुप्पियाँ करेंगी परेशान ।

बस—
हर महीने ६ महीने एक ऑफिसियल ,
कंपनी का टूर
पेरेंट्स के साथ औपचारिक दस्तूर
हर साल एक तस्वीर जरूर ,
नीचे कैप्शन लिखा —
हम कहाँ दूर

वाह!
यही तो है
आप का उपकार ।

घर में
एक कमरा तो छोड़ा आपने—
पर वहाँ
इंसान नहीं,
रहता है इंतज़ार

चार दीवारों के भीतर
धीरे-धीरे
गलता जीवन,
और बाहर
चमकता ताला—
ताला घर पर या
संवेदनाओं पर l

अब अगर
तीस दिन बाद
एक देह मिले
और चार दिन बाद दूसरी—
तो भावुक होने की क्या ज़रूरत?
यह कोई त्रासदी नहीं,
यह तो
ब अनुकूल अर्थ-सम्मत ।

दाह संस्कार
पड़ोसी कर देंगे।
आप ग्लोबल सिटीजन
आपसे इंडिया शाइन हैं।
आपका दुख
ज़ूम कॉल के फ्रेम में
फ़िट एंड फाइन है ।

बस एक आख़िरी दरख़्वास्त—
अगली बार घर बनवाएँ
तो सीसीटीवी के साथ
साइलेंस और स्मेल-कंट्रोल सिस्टम
ज़रूर लगवाएं ।

क्योंकि
अगर संवेदना की बदबू
बहार तक फैलेगी
तो जनता
सवाल पूछने लगेगी —
और सवाल,
यक़ीन मानिए,
सबसे महँगी चीज़ होते हैं।

बाक़ी आप
कमाते रहिए,
डॉलर भेजते रहिए,
और गर्व से कहते रहिए—

“हमने अपने माँ-बाप के लिए
सब कुछ दिया ।”

बस—
वक़्त को छोड़कर।

डॉ मुकेश 'असीमित'

डॉ मुकेश 'असीमित'

लेखक का नाम: डॉ. मुकेश गर्ग निवास स्थान: गंगापुर सिटी,…

लेखक का नाम: डॉ. मुकेश गर्ग निवास स्थान: गंगापुर सिटी, राजस्थान पिन कोड -३२२२०१ मेल आई डी -thefocusunlimited€@gmail.com पेशा: अस्थि एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ लेखन रुचि: कविताएं, संस्मरण, व्यंग्य और हास्य रचनाएं प्रकाशित  पुस्तक “नरेंद्र मोदी का निर्माण: चायवाला से चौकीदार तक” (किताबगंज प्रकाशन से ) काव्य कुम्भ (साझा संकलन ) नीलम पब्लिकेशन से  काव्य ग्रन्थ भाग प्रथम (साझा संकलन ) लायंस पब्लिकेशन से  अंग्रेजी भाषा में-रोजेज एंड थोर्न्स -(एक व्यंग्य  संग्रह ) नोशन प्रेस से  –गिरने में क्या हर्ज है   -(५१ व्यंग्य रचनाओं का संग्रह ) भावना प्रकाशन से  प्रकाशनाधीन -व्यंग्य चालीसा (साझा संकलन )  किताबगंज   प्रकाशन  से  देश विदेश के जाने माने दैनिकी,साप्ताहिक पत्र और साहित्यिक पत्रिकाओं में नियमित रूप से लेख प्रकाशित  सम्मान एवं पुरस्कार -स्टेट आई एम ए द्वारा प्रेसिडेंशियल एप्रिसिएशन  अवार्ड  ”

Comments ( 0)

Join the conversation and share your thoughts

No comments yet

Be the first to share your thoughts!