मेरा देश आगे बढ़ रहा है-kavita

मेरा देश आगे बढ़ रहा है

मेरा देश आगे बढ़ रहा है—
इतनी तेज़ी से
कि अब पीछे मुड़कर देखने का
समय भी नहीं बचा।

रास्ते मिल गए हैं,
पर मंज़िल गुम हो गई है कहीं  ।
दिशाएँ गड्डमड्ड हैं,
पर नारों की दिशा बिल्कुल साफ़ है—
आगे! सिर्फ़ आगे!

समझना कठिन नहीं,
बस पूछना मना है—
आगे बढ़ने का मतलब क्या है?

अगर
वाइन  के अड्डे खोल देना ही विकास है,
तो हाँ—हम विकसित हैं।
अगर स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन में
किसानों की ज़मीन
स्पेशल तरीके से ग़ायब कर देना
आर्थिक क्रांति है,
तो निस्संदेह हम क्रांतिकारी हैं।

अगर विदेशी निवेश के स्वागत में
घर के दरवाज़े ही नहीं,
रीढ़ की हड्डी भी खोल देना
उदार नीति कहलाती है,
तो हमारी उदारता का
कोई मुकाबला नहीं।

हमने फैशन शो देखे—
जहाँ भूख ने कपड़े नहीं पहने थे।
हमने नग्नता देखी—
जहाँ शर्म ने आत्महत्या कर ली थी।
हमने करोड़ों की कारें खरीदीं—
और पैदल चलने वालों को
देश की रफ्तार में
अवरोध घोषित कर दिया।

हिंदी अख़बारों में
अंग्रेज़ी घुसी,
और हमने उसे
भाषाई सुधार कहा।
बिना शर्माए
अपने कमीशन को
प्रशासनिक दक्षता का नाम दिया,
और भ्रष्टाचार को
संस्था में बदलकर
उद्घाटन की तिथि तय कर दी।

हाँ,
हम बहुत आगे बढ़ चुके हैं।

इतना आगे
कि रास्ते में
एक किसान की विधवा
और दो अनाथ बच्चे
हमें सिर्फ़
 गति अवरोधक से लगे।

वे लोकतंत्र के पहियों तले कुचले गए—
लेकिन ट्रैफिक नहीं रुका।
जो साथ न चल सका,
उसे देशद्रोही कहा गया,
या भगवान भरोसे छोड़ दिया गया।

भगवान भी शायद थक गए हैं,
इतनी ज़िम्मेदारियाँ उठाते-उठाते।
पर देश आगे बढ़ता रहा—
ईश्वर से भी आगे।

हम आगे इसलिए नहीं बढ़े
कि सबको साथ ले जाएँ,
बल्कि इसलिए
कि पीछे छूटे लोग
दिखाई न दें।

अब हमें
ऐसे लोगों की तरफ़ देखने की
फ़ुर्सत नहीं है—
आँखें ऊपर हैं,
नज़र सूचकांकों पर।

मेरा देश आगे बढ़ रहा है—
और पीछे
इंसान
धीरे-धीरे
ग़ायब हो रहा है।

— डॉ. मुकेश ‘असीमित’

📚 मेरी व्यंग्यात्मक पुस्तकें खरीदने के लिए लिंक पर क्लिक करें – “Girne Mein Kya Harz Hai” और “Roses and Thorns
Notion Press –Roses and Thorns

📧 संपर्क: [email protected]

डॉ मुकेश 'असीमित'

डॉ मुकेश 'असीमित'

लेखक का नाम: डॉ. मुकेश गर्ग निवास स्थान: गंगापुर सिटी,…

लेखक का नाम: डॉ. मुकेश गर्ग निवास स्थान: गंगापुर सिटी, राजस्थान पिन कोड -३२२२०१ मेल आई डी -thefocusunlimited€@gmail.com पेशा: अस्थि एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ लेखन रुचि: कविताएं, संस्मरण, व्यंग्य और हास्य रचनाएं प्रकाशित  पुस्तक “नरेंद्र मोदी का निर्माण: चायवाला से चौकीदार तक” (किताबगंज प्रकाशन से ) काव्य कुम्भ (साझा संकलन ) नीलम पब्लिकेशन से  काव्य ग्रन्थ भाग प्रथम (साझा संकलन ) लायंस पब्लिकेशन से  अंग्रेजी भाषा में-रोजेज एंड थोर्न्स -(एक व्यंग्य  संग्रह ) नोशन प्रेस से  –गिरने में क्या हर्ज है   -(५१ व्यंग्य रचनाओं का संग्रह ) भावना प्रकाशन से  प्रकाशनाधीन -व्यंग्य चालीसा (साझा संकलन )  किताबगंज   प्रकाशन  से  देश विदेश के जाने माने दैनिकी,साप्ताहिक पत्र और साहित्यिक पत्रिकाओं में नियमित रूप से लेख प्रकाशित  सम्मान एवं पुरस्कार -स्टेट आई एम ए द्वारा प्रेसिडेंशियल एप्रिसिएशन  अवार्ड  ”

Comments ( 0)

Join the conversation and share your thoughts

No comments yet

Be the first to share your thoughts!