सोहन पापड़ी : मिठास के महीन रेशों में उलझी स्मृतियाँ
डॉ मुकेश असीमित
दिवाली निकट है। घर की सफाई अभी पूरी नहीं हुई, लेकिन मिठाइयों के डिब्बों का आगमन शुरू हो गया है। दीपावली पर अब लक्ष्मीजी से पहले मिठाई के डिब्बे घर में प्रवेश करते हैं। कुछ डिब्बे इतने सुसज्जित होते हैं कि खोलने से पहले विचार करना पड़ता है—मिठाई खाएँ या डिब्बा सुरक्षित रखें, ताकि आगे किसी के काम आ सके। आजकल मिठाई से अधिक सजावट उसके डिब्बे की होती है। जैसे गहनों का डिब्बा हो। खोलिए तो चार काजू कतली, दो बादाम और उनके चारों ओर अपनी कीमत का औचित्य सिद्ध करती मखमली सजावट मिलती है।
इन्हीं सजे-सँवरे डिब्बों के बीच एक परिचित डिब्बा भी आता है—सोहन पापड़ी का। वही चौकोर आकार, वही सुनहरी परतें, इलायची की मंद सुगंध और महीन रेशे, जो मुँह में पहुँचते ही अपना अस्तित्व विसर्जित कर देते हैं। दिवाली हो, होली हो या कोई दूसरा त्योहार, जैसे हर धार्मिक आयोजन में ‘जोर से बोलो जय माता दी’ का उद्घोष अनिवार्य है, वैसे ही त्योहारों के उपहारों में सोहन पापड़ी की उपस्थिति लगभग सुनिश्चित है।
कभी इसे देखते ही हाथ बढ़ जाता था। अब लोग डिब्बा उलट-पलटकर देखते हैं, कंपनी का नाम पढ़ते हैं और फिर एक ओर रख देते हैं। कुछ तो खोलने के बजाय अगले घर भेजने की संभावनाएँ तलाशने लगते हैं। बेचारी सोहन पापड़ी! मिठाई से अधिक उपहारों के आवागमन का माध्यम बन गई है। एक घर से दूसरे, दूसरे से तीसरे। कभी-कभी उसकी यात्रा इतनी लंबी हो जाती है कि लगता है, मिठाई नहीं, कोई घुमंतू संन्यासी है। अंतर बस इतना है कि संन्यासी संसार से विरक्त होकर भटकता है और सोहन पापड़ी से संसार विरक्त होकर उसे भटकाता है।
मुझे सोहन पापड़ी से विशेष अनुराग है। उसका डिब्बा देखते ही बचपन की दीपावली याद आती है। तब मिठाई का अर्थ स्वाद था, प्रतिष्ठा नहीं। मिठाई खाने के बाद डिब्बा बचता था। अब डिब्बा देखकर लगता है कि मिठाई उसके साथ मिली कोई अतिरिक्त सुविधा है।
सोचता हूँ, इसका नाम भी कितना मधुर है—सोहन पापड़ी! सोहन यानी मन को सोहने वाली और पापड़ी यानी परत। नाम की वास्तविक व्युत्पत्ति जो भी हो, इसमें भी रस की भरमार है। दिवाली पर वैसे ही सोना, सुगंध और शगुन की चर्चा रहती है। इन्हीं के बीच सोहन भी एक अतिरिक्त ‘ह’ लगाकर अपनी मिठास बिखेर रही है।
इस मिठाई का इतिहास भी इसके रेशों की तरह उलझा हुआ है। कोई इसे महाराष्ट्र की देन बताता है, कोई उत्तर भारत के हलवाइयों की कला। ईरान की पश्मक और तुर्की की पिश्मानिये जैसी रेशेदार मिठाइयों में भी इसकी दूर की रिश्तेदारी दिखाई देती है। कहीं सोहन हलवे से इसका नाता जुड़ता है, कहीं पतीसे से। पहली सोहन पापड़ी किस हलवाई की कड़ाही में जन्मी, निश्चित कहना कठिन है। लेकिन जिसने पहली बार बेसन, मैदे, घी और चीनी की चाशनी को खींचकर इतने महीन रेशों में बदला होगा, वह केवल हलवाई नहीं रहा होगा। उसमें किसी कलाकार की कल्पना और साधक का धैर्य रहा होगा।
सोहन पापड़ी बनाना किसी काव्य-सृजन से कम नहीं। बेसन को घी में भूनना, चाशनी को उचित अवस्था तक पहुँचाना, फिर खींचना, मोड़ना, फैलाना और बार-बार परतों में बाँटना। एक साधारण मिश्रण असंख्य महीन तंतुओं में बदल जाता है। जैसे किसी कवि ने जीवन की उलझनों को शब्दों में इतना साध लिया हो कि वे पाठक के मन पर बोझ बनने के बजाय फूल की पंखुड़ियों की तरह उतरें।
अच्छी सोहन पापड़ी उठाइए। उँगलियों का हल्का दबाव पड़ते ही बिखरने लगेगी। मुँह में रखिए तो पहले तनिक कुरकुरापन, फिर घी की स्निग्धता, भुने बेसन की सौंधी गंध, इलायची का स्पर्श और अंत में एक ऐसी मिठास, जो बिना अधिक चबाए धीरे-धीरे विलीन हो जाती है। इसे रसगुल्ले की तरह दबाकर रस नहीं निकाल सकते, न बर्फी की तरह साफ-सुथरा टुकड़ा काट सकते हैं। तनिक असावधानी हुई नहीं कि महीन रेशे कपड़ों और थाली पर बिखर जाएँगे। यह मिठाई खाने वाले से भी कुछ शिष्टाचार की अपेक्षा करती है।
यही कारण है कि इसे घर में बनाने का साहस कम लोग करते हैं। लड्डू, हलवा, बर्फी और गुलाबजामुन घर में बन सकते हैं, लेकिन सोहन पापड़ी? उसके लिए सामग्री से अधिक हाथ का हुनर चाहिए। हलवाई की उँगलियाँ चाशनी का ताप पहचानती हैं, आँखें मिश्रण की परिपक्वता पढ़ लेती हैं। वह चाशनी को खींचता है तो लगता है, कोई अदृश्य करघा चल रहा है और मिठास के धागे बुने जा रहे हैं। तनिक चूक हुई नहीं कि महीन रेशों के स्थान पर बेसन और चीनी का कोई अनाम पिंड तैयार हो जाएगा। आश्चर्य है, इतनी कठिन साधना करने वाले हलवाई को हमने कलाकार का दर्जा ही नहीं दिया।
भारतीय मिठाइयों का अपना भूगोल है। बंगाल का रसगुल्ला, राजस्थान का घेवर, मथुरा का पेड़ा, आगरे का पेठा, मैसूर का पाक। हर मिठाई अपने साथ एक प्रदेश, एक परंपरा और एक स्वाद लेकर चलती है। सोहन पापड़ी का भूगोल कुछ अधिक विस्तृत है। वह किसी एक नगर की चौखट पर नहीं ठहरती। उसकी व्यापकता ही उसका दुर्भाग्य बन गई। जो हर जगह उपलब्ध हो, उसकी प्रतीक्षा भला कौन करे?
फिर समय बदला। बहुराष्ट्रीय कंपनियों ने मुँह मीठा करने के मायने ही बदल दिए। चॉकलेट, जो कभी बच्चों की जेब में रहने वाली छोटी-सी प्रसन्नता थी, बड़े लोगों के उपहारों में प्रतिष्ठित हो गई। उसे चमकीले डिब्बे पहनाए गए, रिबन बाँधे गए और विज्ञापनों ने आधुनिक स्नेह का प्रतीक बना दिया। अब दिवाली पर मिठाई का डिब्बा देते हुए कुछ लोग संकोच करते हैं, लेकिन महँगी चॉकलेट देते हुए गौरव अनुभव करते हैं। मानो बेसन और घी से बनी मिठाई पिछड़ेपन का परिचय हो और कोको से बनी चॉकलेट आधुनिकता का प्रमाणपत्र।
चॉकलेट से मुझे कोई शिकायत नहीं। उसका अपना स्वाद है। शिकायत इस बात से है कि हमने मिठास का निर्णय भी विज्ञापनों पर छोड़ दिया। अब जीभ से पहले ब्रांड स्वाद का निर्णय करता है। उपहार में स्नेह कितना है, यह डिब्बे के मूल्य से आँका जाने लगा है। सोहन पापड़ी की सबसे बड़ी कमी शायद यही है कि वह सस्ती पड़ जाती है। हमारे समय में कम कीमत होना भी किसी वस्तु की प्रतिष्ठा के विरुद्ध जा सकता है।
उधर त्योहार आते ही मिलावटी मावे, संदिग्ध घी और नकली मिठाइयों की खबरें आने लगती हैं। कभी हलवाई की दुकान पर छापा पड़ता है, कभी मावे के नमूने लिए जाते हैं। इस वातावरण में सोहन पापड़ी की एक विशेषता याद आती है। पारंपरिक रूप से यह बेसन, मैदे, घी और चीनी से बनने वाली अपेक्षाकृत सूखी मिठाई है। इसमें मावे की अनिवार्यता नहीं होती। अच्छी सामग्री और सुरक्षित पैकिंग से बनी सोहन पापड़ी कई नमीदार मिठाइयों की तुलना में अधिक समय तक टिक सकती है। कुछ पैकबंद उत्पादों की सुरक्षित अवधि महीनों तक होती है, यद्यपि शुद्धता और टिकाऊपन अंततः सामग्री, निर्माण और भंडारण पर ही निर्भर करते हैं।
विडंबना देखिए! जिस मिठाई के लंबे समय तक सुरक्षित रहने की संभावना उसका गुण है, उसी को लोग एक-दूसरे के यहाँ भेजते-भेजते इतना घुमाते हैं कि उसके डिब्बे की उम्र मिठाई से अधिक प्रतीत होने लगती है।
सोचता हूँ, हमारे उपहारों की संस्कृति भी कितनी बदल गई। पहले मिठाई के बहाने मिलने जाते थे। अब मिठाई भेजकर मिलने का दायित्व पूरा कर लेते हैं। पहले दरवाजे पर खड़ा अतिथि महत्त्वपूर्ण होता था, अब उसके हाथ में पकड़ा पैकेट। कभी किसी के हाथ की लाई साधारण मिठाई भी आत्मीयता से भर देती थी। अब कई बार कीमती उपहार भी संबंधों की औपचारिकता नहीं तोड़ पाते।
मिठाइयों का भी अपना स्वभाव होता है। रसगुल्ला रस से भरा है, गुलाबजामुन स्निग्धता से, जलेबी अपनी घुमावदार चंचलता से और काजू कतली अपनी चिकनी, सँवरी हुई अभिजात मुद्रा से पहचानी जाती है। सोहन पापड़ी इनमें सबसे विनम्र है। थोड़ी बिखरी हुई, नाजुक, हल्की। जैसे कोई पुराना परिचित, जिससे वर्षों बाद मिलकर भी औपचारिक परिचय की आवश्यकता नहीं पड़ती।
मैंने डिब्बे से एक टुकड़ा निकाला। कुछ रेशे प्लेट पर गिर पड़े। पत्नी ने कहा, “यह मिठाई भी ऐसी है कि आधी मुँह में जाती है और आधी नीचे गिरती है।”
मैंने कहा, “अच्छी चीजों का थोड़ा-बहुत बिखरना स्वाभाविक है। फूल भी खिलते हैं तो पंखुड़ियाँ गिरती हैं।”
पत्नी ने मेरी ओर देखा, फिर डिब्बे का ढक्कन बंद करते हुए बोलीं, “मिठाई खा रहे हो या उस पर निबंध लिख रहे हो?”
मैं मुस्करा दिया। उन्हें क्या बताता कि सोहन पापड़ी का एक छोटा-सा टुकड़ा मुझे कितनी दूर ले गया था! बचपन की गलियों से हलवाई की कड़ाही तक, वहाँ से त्योहारों की स्मृतियों और बदलते संबंधों तक।
बाहर दीपावली की जगमगाहट थी। दुकानों पर चॉकलेट के चमकीले डिब्बे, मेवों की आकर्षक टोकरियाँ और महँगे उपहार सजे थे। मैंने सोहन पापड़ी का एक और टुकड़ा मुँह में रखा। उसकी महीन परतों में पुराने दिनों की वही दीपावली घुलने लगी—जब दीये छोटे होते थे, लेकिन उजाला पर्याप्त होता था; मिठाई साधारण होती थी, लेकिन स्नेह असाधारण।
हे सोहन पापड़ी! तुम्हारे रेशे इतने नाजुक हैं कि उँगलियों में सँभलते नहीं, लेकिन स्मृतियाँ इतनी दृढ़ कि वर्षों बाद भी मन से बिखरती नहीं।
शायद हमने मिठाइयों को नहीं बदला, मिठास को पहचानने का अपना ढंग बदल लिया है।
Comments ( 0)
Join the conversation and share your thoughts
Comments are closed for this post.
No comments yet
Be the first to share your thoughts!